'मुसलमान होकर तिलक लगाते हो', ममूटी का वीडियो देख भड़के धर्म के ठेकेदार, हरिश्री यूसुफ ने पढ़ाया परंपरा का पाठ

Updated on 27-09-2026
मलयालम सुपरस्टार ममूटी को हाल ही गुजरात में आयोजित 72वें राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार में 'ब्रह्मयुगम' के लिए बेस्‍ट एक्‍टर का अवॉर्ड मिला। एकता नगर, केवड़‍िया में आयोजित समारोह में पहुंचे ममूटी का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 75 साल के एक्‍टर जब समारोह में पहुंचे थे, तब वहां स्‍वागत में खड़ी एक महिला उनके माथे पर तिलक लगा रही है। ममूटी भी चेहरे पर मुस्‍कुराहट लिए बड़ी खुशी से इस सत्‍कार का सम्‍मान कर रहे हैं। अब एक ओर जहां फैंस उनकी जीत का जश्‍न मना रहे हैं, वहीं कुछ धर्म के ठेकेदारों ने इस पर सवाल उठाए हैं। आलोचना करते हुए पूछ रहे हैं कि मुसलमान होकर ममूटी ने माथे पर तिलक क्‍यों लगवाया।

'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' यूट्यूब पेज पर ममूटी का यह वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें सफेद शर्ट और क्रीम कलर की पैंट पहने एक्‍टर जब नेशनल अवॉर्ड सेरेमनी में पहुंचते हैं, तो फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया जाता है। एक महिला उनके माथे पर तिलक लगाती है और गले में तिरंगे का 'थोरथु' डालकर उनका सत्‍कार करती है।

यूजर्स ने क‍िया ट्रोल- यह इस्‍लाम का अपमान

अलग-अलग सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म्‍स खासकर X और इंस्‍टाग्राम पर ममूटी का यह वीडियो खूब सर्कुलेट हो रहा है। वहां कुछ यूजर्स मलयालम भाषा में एक्‍टर की आलोचना कर रहे हैं। एक ने लिखा हैं, 'ममूटी से यह उम्‍मीद नहीं थी। उन्‍होंने मुसलमानों का अपमान किया है।' एक दूसरे यूजर ने लिखा है, 'मुसलमान होकर तिलक लगा रहे, यह इस्‍लाम के ख‍िलाफ है।' हालांकि कई फैंस ने उनका बचाव भी किया है। लिखा है कि हमें उनकी उपलबध‍ि का जश्‍न मनाना चाहिए, न कि धर्म के नाम पर बांटने का काम करना चाहिए।

हरिश्री यूसुफ ने ट्रोलर्स को लगाई फटकार

इस बीच, फिल्ममेकर और एक्टर हरिश्री यूसुफ ने भी ममूटी बचाव करते हुए वीडियो पोस्‍ट किया है। युसूफ ने एक खास कमेंट का जिक्र करते हुए उस यूजर को फटकार लगाई है। इस ट्रोलर की तुलना 'कुएं का मेंढक' से की है। उन्होंने कहा, 'आप क्रॉस बनाते हैं, तिलक लगाते हैं या झुककर प्रार्थना करते हैं। यह सब ईश्वर के प्रति होता है। यह हमारे रचयिता के प्रति प्यार दिखाता है। तिलक मेहमानों के स्वागत का एक पारंपरिक तरीका है।'

हरिश्री बोले- भारत महान देश, बंटवारा पैदा न करें

हरिश्री युसूफ ने आगे कहा, 'हमारा भारत एक महान देश है। आप जैसे लोग ही सांप्रदायिक बंटवारा पैदा करते हैं। दोबारा ऐसा कुछ न करें। ममूटी ने धर्म और काम से परे दान-पुण्य के जरिए समाज में योगदान दिया है। वह कई साल से हेल्थकेयर का समर्थन करने वाले संगठनों की मदद कर रहे हैं।'

ममूटी की अपकम‍िंंग फ‍िल्‍में

वर्कफ्रंट की बात करें तो दुलकर सलमान के पिता और दिग्‍गज एक्‍टर ममूटी इसी साल स्पाई-एक्शन फ‍िल्म 'पेट्रियट' में नजर आए थे। इसके अलावा उन्‍होंने 'चाथा पाचा' और 'लॉ एंड ऑर्डर' में कैमियो भी किया। आगे वह धनुष के साथ तमिल फिल्‍म 'ओम चैप्टर 1: उधिरम - द ब्लड वुड' और मलयालम में 'पदयात्रा', 'मेला' और 'मट्टनचेरी माफिया' में नजर आने वाले हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें