दिवाली-छठ में बिहार आने पर संकट? दिल्ली से पटना आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग, मुंबई से फ्लाइट 40000 के पार

Updated on 19-09-2026
पटना: दशहरा, दिवाली और छठ के मौके पर बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में आरक्षित सीटों का संकट शुरू हो गया है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, पुणे और हैदराबाद से पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत बिहार के अलग-अलग स्टेशनों तक आने वाली ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं। कई ट्रेनें फुल हो गई हैं। ऐसे में यात्रियों को अब पूजा स्पेशल ट्रेनों से ही राहत की उम्मीद है।


दिल्ली से पटना आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग

पटना आने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में 10 से 13 नवंबर के बीच कई श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति है। कई ट्रेनों में वेटिंग 100 से 400 के पार पहुंच गई है।
  • 18 सितंबर को नई दिल्ली-राजेंद्रनगर तेजस में 10 नवंबर को थर्ड एसी की वेटिंग लिस्ट 410 तक पहुंच गई थी। 11 नवंबर को यह 427 और 12 नवंबर को 463 तक पहुंच गई। इन तारीखों पर फर्स्ट और सेकेंड एसी में भी कई जगह रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है।
  • नई दिल्ली-राजेंद्र नगर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12394) में भी 10 नवंबर को सीटों की भारी मांग दिखाई दे रही है। फर्स्ट एसी में वेटिंग लिस्ट 21, सेकेंड एसी में 52, थर्ड एसी में 159 और स्लीपर में 134 तक पहुंच गई है। सभी श्रेणियों में रिग्रेट दिख रहा है।

मुंबई और दक्षिण भारत से आने वाली ट्रेनों में भी संकट

दक्षिण भारत से बिहार आने वाले यात्रियों को भी आरक्षित सीटों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई से आने वाली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में वेटिंग 210 तक पहुंच गई है। कुछ श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति भी दिखाई दे रही है।
त्योहार के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से दिल्ली और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों से चलने वाली ट्रेनों में सामान्य कोटे की सीटों पर दबाव बढ़ गया है।

मुंबई से हवाई किराया 40 हजार के पार

ट्रेनों में सीट नहीं मिलने के बाद कई यात्री हवाई सफर का विकल्प तलाश रहे हैं। हालांकि, हवाई टिकटों के किराये में भी काफी बढ़ोतरी हो गई है। मुंबई से बिहार आने के लिए किराया करीब 40 हजार रुपये तक पहुंच गया है। बेंगलुरु से पटना या दरभंगा के लिए सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे शहरों के रास्ते बिहार पहुंचना पड़ रहा है।
  • दिल्ली से पटना की फ्लाइट का किराया 26 हजार रुपये से अधिक हो गया है।
  • दिल्ली से दरभंगा का फ्लाइट का किराया 17 हजार रुपये से अधिक तक पहुंच गया है।
  • मुंबई से पटना के लिए करीब 35 हजार रुपये और दरभंगा के लिए करीब 40.5 हजार रुपये प्रति व्यक्ति टिकट उपलब्ध है।

बसों में भी एडवांस बुकिंग, किराया बढ़ा

ट्रेनों और विमानों के साथ लंबी दूरी की एसी और नॉन एसी बसों में भी सीटों की बुकिंग तेजी से हो रही है। दिल्ली, पंजाब, रांची, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश समेत अन्य शहरों से बिहार आने वाली बसों में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। बस ऑपरेटरों ने किराये में भी बढ़ोतरी कर दी है। यात्रियों का कहना है कि त्योहार के दौरान निजी वाहन से बिहार आने-जाने का खर्च सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना तक पहुंच रहा है।

10 से 17 नवंबर के बीच सबसे ज्यादा दबाव

ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव 10 से 17 नवंबर के बीच दिखाई दे रहा है। दिवाली के आसपास घर आने और छठ के बाद नौकरी-पेशा वाले लोगों के वापस लौटने की अवधि में ट्रेनों की मांग बढ़ गई है। खासकर दिल्ली और दक्षिण भारत से बिहार आने वाली ट्रेनों में कई तिथियों पर सामान्य कोटे में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें