खुल गया होर्मुज स्ट्रेट, कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट, लीजिए पेट्रोल-डीजल का ताजा रेट

Updated on 16-06-2026
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच सुलह होने की डील (US-Iran Deal) हो गई है। खबर है कि दोनों देशों के बीच 60 दिनों का सीजफायर होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) भी खुल गया है। इस बीच इंटरनेशनल क्रूड ऑयल मार्केट (Crude Oil Market) में भारी गिरावट देखी गई। हालांकि, भारत में पेट्रोल-डीजल बेचने वाली सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार, 16 जून 2026 को भी दाम में कोई बदलाव नहीं किया। यहां बीते 25 मई के बाद दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

पिछले महीने 4 बार बढ़े हैं दाम

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव बीतने के बाद ही पेट्रोलियम कंपनियों ने बीते मई महीने में चार बार दाम बढ़ा चुकी है। ऐसा महज 11 दिनों में हुआ है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 पैसे महंगा किया था। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे, 23 मई 2026 को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे और 25 मई 2026 को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा किया था। उसके बाद दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

4 महानगरों में पेट्रोल का दाम

तेल कंपनियों की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में इसकी कीमत 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये है। एक अनुमान के मुताबिक क्रूड ऑयल महंगा होने से सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट फ्यूल पर करीब 750 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है।

डीजल की कीमत क्या है

सरकारी ऑयल कंपनियों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में डीजल का प्रति लीटर दाम 95.20 रुपये है। कोलकाता में यह 99.02 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है। कच्चे तेल की कीमत में हाल में काफी बढ़ोतरी हुई है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह करीब 50 फीसदी महंगा हो गया है।

क्रूड ऑयल थोड़ा ऊपर

अमेरिका और ईरान के बीच सुलह होने और 60 दिनों तक सीजफायर होने की खबर पहले ही आ चुकी है। कल रात खबर आई कि होर्मुज स्ट्रेट भी खुल गया है। क्रूड ऑयल का दाम भी कई महीनों के न्यूनतम स्तर पर आ गया है। पर अभी भी कई मसलों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
  • इस वजह से मंगलवार की सुबह कच्चे तेल के दाम कुछ चढ़ते दिखाई दिए।
  • सुबह छह बजे के करीब ब्रेंट क्रूड के दाम में 0.48 फीसदी या 0.40 डॉलर प्रति बैरल की तेजी के साथ $83.57 के भाव पर ट्रेड होता दिखा।
  • इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड के दाम में भी 0.71 फीसदी की तेजी के साथ 81.32 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड होता दिख रहा था।

ऐसे चेक करें भाव

पेट्रोल-डीजल के भाव जब भी बदलते हैं, तब सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। पेट्रोल-डीजल का रोज का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं (How to check diesel petrol price daily)। इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल उपभोक्ता RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल उपभोक्ता HPPRICE के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर भाव पता कर सकते हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें