'जन नायकन' में जोड़े जाएंगे 6 डिलीट किए गए सीन्स, विजय के फैंस के लिए सिनेमाघरों में फिर से रिलीज की तैयारी
Updated on
28-07-2026
'जन नायकन' को दर्शकों और समीक्षों से नेगेटिव रिव्यूज ही मिले हैं, लेकिन बावजूद इसके अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय, जो अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री भी हैं, अपने फैनडम के बूते बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई कर रहे हैं। तमिल सिनेमाघरों में जश्न का माहौल है, जबकि हिंदी और तेलुगू वर्जन में फिल्म की हालत खस्ता है। लेकिन इन सब के बीच डायरेक्टर एच. विनोद ने एक दिलचस्प ऐलान किया है। मेकर्स ने तय किया है कि वह विजय की इस आखिरी फिल्म को और भी यादगार बनाने वाले हैं। इसके लिए फाइनल कट में डिलीट कर दिए गए 6 सीन्स को फिर से फिल्म में जोड़ा जाएगा और इसे सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
'जन नायकन' थलपति विजय के एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म बताई जा रही है। समीक्षकों ने जहां इसे खारिज कर दिया है, वहीं फैंस के बूते फिल्म ने 5 दिनों में देश में ₹134.90 करोड़ का नेट कलेक्शन और वर्ल्डवाइड ₹233.24 करोड़ का ग्रॉस बिजनस कर लिया है। यह अब देश में सूर्या और तृषा की फिल्म 'करुप्पु' की ₹198.18 करोड़ की कमाई को पछाड़कर 2026 की सबसे अधिक कमाई करने वाली तमिल फिल्म बनने की तैयारी कर रही है।
एच. विनोद ने 'जन नायकन' की सक्सेस मीट में किया ऐलान
इस बीच, मेकर्स ने बताया है कि वह फिल्म के फाइनल कट से हटाए गए सीन्स को दर्शकों को दिखाने की तैयारी में हैं, ताकि सिनेमाघरों में थलपति विजय के फैंस का जोश बना रहे। डायरेक्टर एच. विनोद ने सोमवार, 27 जुलाई को खुद चेन्नई में इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा की सक्सेस मीट के दौरान यह घोषणा की है।
इनमें विजय के दो मजेदार कॉमेडी सीन, दो एक्शन सीन और दो इमोशनल सीन शामिल हैं। प्रोडक्शन हाउस योजना बनाएगा और उन्हें एक-एक करके रिलीज किया जाएगा।
एच. विनोद, डायरेक्टर
दो कॉमेडी सीन, दो एक्शन और दो इमोशनल सीन
मंच पर जब डायरेक्टर से पूछा कि क्या 'जन नायकन' से कोई सीन हटाया गया है, तो एच. विनोद ने बताया कि थिएट्रिकल वर्जन से फाइनल कट में छह सीन हटाए गए थे। उन्होंने कहा, 'लगभग छह सीन हैं। वे जल्द ही आएंगे। इनमें विजय के दो मजेदार कॉमेडी सीन, दो एक्शन सीन और दो इमोशनल सीन शामिल हैं। प्रोडक्शन हाउस योजना बनाएगा और उन्हें एक-एक करके रिलीज किया जाएगा।'