शेखर सुमन ने कैंसिल किया 'शेखर टुनाइट' फिनाले एपिसोड, नाना पाटेकर आने वाले थे नजर, कहा- उनकी जगह कोई नहीं लेगा

Updated on 10-10-2026
दिग्‍गज एक्टर और होस्ट शेखर सुमन ने अपने टॉक शो 'शेखर टुनाइट' के पहले सीजन का आखिरी एपिसोड कैंसिल करने का फैसला लिया है। यह उनकी ओर से नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि है। दरअसल, इस एपिसोड में दिवंगत नाना पाटेकर बतौर गेस्ट आने वाले थे। दोनों की इस बाबत 4-5 दिन पहले ही बात हुई थी। लेकिन इसी बीच नाना पाटेकर का 8 अक्‍टूबर को गोवा में निधन हो गया। अब शेखर सुमन ने फैसला किया है कि वह सीजन-1 के फ‍िनाले एपिसोड में किसी दूसरे मेहमान को नहीं बुलाना चाहते।

शेखर सुमन ने अपने यूट्यूब चैनल पर 8 मिनट का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें नाना को याद करते हुए वह कहते हैं कि 'शेखर टुनाइट' के पहले सीजन का समापन उनकी यादों के साथ करना चाहते हैं। 63 साल के शेखर सुमन बताते हैं कि नाना ने कुछ दिन पहले उन्हें फोन करके शो की तारीफ की थी और कहा था कि वह इसे रेगुलर देखते हैं। शेखर ने बताया कि ये सुनकर उन्हें ऐसा लगा कि जैसे उन्हें 'पद्म विभूषण' मिल गया हो।

नाना पाटेकर की तारीफ में शेखर सुमन ने कही ये बात

वीडियो में शेखर सुमन ने नाना पाटेकर को याद करते हुए कहा, 'उस कलाकार और एक्टर की तारीफ के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे जो इस एपिसोड में आने वाले थे। निडर, बहादुर, ईमानदार, एक ऐसा इंसान जिसकी सादगी ही उसकी सबसे बड़ी खूबी थी।' शेखर ने बताया कि कुछ दिन पहले नाना ने उन्हें फोन करके उनके शो की तारीफ की थी। उन्होंने कहा, 'उन्होंने मुझे बधाई दी और कहा कि वह मेरा शो रेगुलर देखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह मुझमें खुद को देखते हैं।'

शेखर सुमन के शो में आने के लिए उत्साहित थे नाना पाटेकर

शेखर के मुताबिक, नाना पाटेकर उनके शो में गेस्ट बनकर आने के लिए काफी उत्साहित थे। उन्होंने बताया कि नाना ने उनसे कहा था, 'मुझे कई शो से ऑफर मिलते हैं, मैं कहीं नहीं जाता, लेकिन मैं आपके शो पर आना चाहता हूं।' नाना की इस बात से शेखर इतने खुश हुए कि उन्होंने कहा, 'ऐसा लगा जैसे मुझे पद्म विभूषण मिल गया हो।'

फिल्म 'तड़प' में साथ काम कर चुके थे दोनों कलाकार

शेखर सुमन ने नाना पाटेकर के साथ अपने पुराने जुड़ाव को भी याद किया। दोनों ने सोहनलाल कंवर की 1990 की फिल्म 'तड़प' में साथ काम किया था, हालांकि फिल्म पूरी होने के बावजूद कभी रिलीज नहीं हो पाई। उस दौर को याद करते हुए शेखर ने कहा, 'उस दौरान मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से जान पाया। एक इंसान और एक एक्टर के तौर पर मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा।' उन्होंने आगे कहा, 'देखिए कैसा इत्तेफाक है कि उनके साथ शूट होने वाला यह एपिसोड भी कभी दर्शकों तक नहीं पहुंच पाएगा। इस बात का दुख मुझे जिंदगी भर रहेगा। उनके साथ यह बातचीत सबसे खूबसूरत बातचीत होती।'

'उनकी जगह कोई नहीं ले सकता'

नाना पाटेकर के निधन के बाद शेखर सुमन ने उनकी जगह किसी दूसरे कलाकार को शो में बुलाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'नाना ने हमसे हमेशा के लिए विदा ले ली है। नाना, हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और हमेशा आपकी कमी महसूस करेंगे। आज मेरा किसी और को बुलाने का मन नहीं था क्योंकि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उनकी जगह कोई नहीं भर सकता।' शेखर ने आगे कहा कि उन्होंने इस एपिसोड के लिए अपनी शुरुआती बातें भी तय कर ली थीं और वह पहले सीजन का समापन नाना की यादों के साथ करना चाहते हैं।

नाना पाटेकर के लिए शेखर सुमन ने पहले से तैयार की थीं ओपनिंग लाइंस

शेखर सुमन ने बताया कि आमतौर पर वह अपने शो में किसी मेहमान को बुलाने से पहले ओपनिंग लाइंस तय नहीं करते, बल्कि जो दिल में आता है, वही कहते हैं। लेकिन नाना पाटेकर के लिए उन्होंने पहले से ही अपनी शुरुआती पंक्तियां तैयार कर रखी थीं। शेखर ने कहा कि वह नाना का स्वागत इन शब्दों से करना चाहते थे, 'नाना करते प्यार तुम ही से कर बैठे। हम क्या, सारा देश, पूरा विश्व ही आपसे प्यार करता है।'

दुष्यंत कुमार की कविता से नाना के संघर्ष को किया सलाम

इसके बाद शेखर सुमन ने दुष्यंत कुमार की कविता की कुछ पंक्तियां भी नाना पाटेकर को समर्पित की, 'इस नदी की धार में ठंडी हवा आती तो है, नाव जर्जर ही सही, लहरों से टकराती तो है। एक चिंगारी कहीं से ढूंढ लाओ दोस्तों, इस दिए में तेल से भीगी हुई बाती तो है।' इन पंक्तियों के जरिए उन्होंने नाना के संघर्ष, हौसले और उनकी शख्सियत को सलाम किया।

आवाज जिंदा रखने के संदेश से किया वीडियो का अंत

शेखर सुमन ने वीडियो का अंत इन पंक्तियों के साथ किया, जिनमें उन्होंने सच बोलने और अपनी आवाज को जिंदा रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'बोल कि लब आजाद हैं तेरे, बोल जुबां अब तक तेरी है, बोल कि सच जिंदा है अब तक, बोल जो कुछ कहना है कह ले। जय हिंद।' इन शब्दों के साथ शेखर ने नाना पाटेकर को याद करते हुए वीडियो खत्म किया।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें