'राजा शिवाजी' ने छठे दिन बनाया रिकॉर्ड, 'भूत बंगला' और 'धुरंधर 2' का भी जलवा, Ek Din बेदम

Updated on 07-05-2026
रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया था। ओपनिंग डे पर ही इसने मराठी सिनेमा में एक रिकॉर्ड बना दिया था। इसकी कमाई अब भी बदस्तूर जारी है। मराठा साम्राज्य के संस्थापक और वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानी बताने वाली 'राजा शिवाजी' पर दर्शक खूब प्यार बरसा रहे हैं। दुनियाभर में यह पहले ही ₹50 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब भारत में भी इसी मुकाम पर पहुंचने वाली है। दूसरी ओर, अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' का भी रौला है। बॉक्स ऑफिस पर 20 दिन पूरे कर चुकी यह फिल्म देश में ₹150 करोड़ के क्लब के करीब है। पर आमिर के बेटे जुनैद खान और साई पल्लवी स्टारर 'एक दिन' एकदम बदहाल है। फिल्म 6 दिन में 4 करोड़ रुपये भी नहीं कमा पाई। और 'धुरंधर 2' तो 49वें दिन भी छाई हुई है। यह रुकने का नाम ही नहीं ले रही।

आइए बताते हैं कि 'राजा शिवाजी', 'भूत बंगला', 'एक दिन' और 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी-कितनी कमाई की है, और किसका क्या हाल है:

'राजा शिवाजी' का गर्दा, चौंका रही फिल्म

सबसे पहले बात 'राजा शिवाजी की', जिसमें रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी का किरदार निभाया है और फिल्म डायरेक्ट भी की है। फिल्म में सलमान खान का कैमियो पहले ही गर्दा उड़ा चुका है। माथे पर तिलक लगाए और भगवा रंग के कपड़े पहने सलमान, जीवा महाला के किरदार में खूब जंचे। फिल्म में अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री, जिनिलिया देशमुख, संजय दत्त, महेश मांजरेकर और फरदीन खान भी हैं। फिल्म का बजट 75-100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, पर जिस तरह बॉक्स ऑफिस पर इसकी परफॉर्मेंस जारी है, उसे देखकर लग रहा है कि 'राजा शिवाजी' बहुत जल्द अपनी लागत वसूल कर मुनाफा कमाने लगेगी। अभी सिर्फ 6 दिन ही बीते हैं।

'राजा शिवाजी' कलेक्शन डे 6

'राजा शिवाजी' ने ₹11.35 करोड़ की ओपनिंग की थी, जिसके बाद इसने तीसरे दिन तगड़ी छलांग लगाते हुए ₹12.00 करोड़ कमाए थे। हालांकि, इसके बाद इसकी कमाई में थोड़ा उतार-चढ़ाव आया, पर गिरते-पड़ते भी 'राजा शिवाजी' अपनी पकड़ बनाए हुए है। इसने छठे दिन ₹4.25 करोड़ कमाए और पांचवे दिन की तुलना में 13.3% का ड्रॉप आया। अब छह दिन में 'राजा शिवाजी' ने देशभर में ₹57.70 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है और नेट कलेक्शन ₹48.65 करोड़ है। मराठी बेल्ट के अलावा इसे हिंदी भाषी क्षेत्रों में भी काफी पसंद किया जा रहा है। जहां छठे दिन 'राजा शिवाजी' ने हिंदी से ₹1.25 करोड़ तो वहीं मराठी से ₹3.00 करोड़ कमाए।

'राजा शिवाजी' के रिकॉर्ड

'राजा शिवाजी' 1 मई को रिलीज हुई थी और ओपनिंग डे पर ही इसने ₹11.35 करोड़ रुपये कमाकर रिकॉर्ड बना दिया था। यह मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई थी। इसने 'सैराट' को मात दे दी थी, जो मराठी सिनेमा की हाइएस्ट ओपनिंग वाली फिल्म रही। यही नहीं, 'राजा शिवाजी' की हाइएस्ट ओपनिंग वीकेंड वाली मराठी फिल्म रही, जिसने तीन दिनों में ₹33.90 करोड़ कमाए थे। 'राजा शिवाजी को जबरदस्त 'वर्ड ऑफ माउथ' पब्लिसिटी और रिकॉर्डतोड़ एडवांस बुकिंग का काफी फायदा मिला। इसके अलावा फिल्म के स्केल, कहानी कहने के अंदाज और कलाकारों की एक्टिंग ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। 'राजा शिवाजी' मराठी सिनेमा की चौथी ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने देशभर में 50 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन पार किया है।

'भूत बंगला' कलेक्शन डे 20

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी ने इस फिल्म के जरिए करीब 14 साल बाद साथ में वापसी की, और छा गई। हालांकि, फिल्म के रिलीज होने पर इसे मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला था। बहुत से दर्शकों और क्रिटिक्स ने फिल्म की कहानी और कॉमेडी की आलोचना की थी, पर फिर भी यह बॉक्स ऑफिस पर टिकी है और कमा रही है। फिल्म 'भूत बंगला' की कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है, पर रेंग-रेंगकर आगे बढ़ ही रही है। इसने 20वें दिन 4,522 शोज से ₹1.75 करोड़ कमाए। इसके बाद इसका इंडिया में ग्रॉस कलेक्शन ₹175.93 करोड़ हो चुका है और नेट कलेक्शन ₹148.25 करोड़ है। वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई ₹232.78 करोड़ हो गई है।

'एक दिन' कलेक्शन डे 6

वहीं, जुनैद खान और साई पल्लवी की 'एक दिन' का बहुत ही बुरा हाल है। छह दिनों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चार करोड़ भी नहीं कमा पाई। इसने ओपनिंग डे पर ₹1.37 करोड़ कमाए थे, जिसके बाद से यह लगातार औंधे मुंह गिरती जा रही है। और छठे दिन तो इसने सिर्फ 25 लाख रुपये कमाए। जहां वर्ल्डवाइड 'एक दिन' ने ₹4.95 करोड़ कमा लिए हैं, वहीं देशभर में ₹3.81 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है।

'धुरंधर 2' कलेक्शन डे 49

आदित्य धर की 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर 49 दिन पूरे कर चुकी है। अब इसकी रफ्तार धीमी हो चुकी है, पर फिर भी कमा रही है। इसने 49वें दिन 859 शोज से 52 लाख रुपये कमाए। इसके बाद 'धुरंधर 2' यानी 'धुरंधर: द रिवेंज' की देशभर में ₹1,364.61 करोड़़ की ग्रॉस कमाई और ₹1,140.17 करोड़ का नेट कलेक्शन हो चुका है। वहीं, दुनियाभर में इसने ₹1,790.91 करोड़ कमा लिए हैं। इसने अभी तक 'पुष्पा 2' और 'बाहुबली 2' को भी पछाड़ दिया है। अब 'धुरंधर 2' दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई वाली भारतीय फिल्म बन गई है। जबकि पहले नंबर पर अभी भी आमिर खान की 'दंगल' है। इसकी बादशाहत एक दशक से कायम है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें