कमरे में बंधक बनाकर बैंक खातों से रुपए ट्रांसफर कराए:20 लाख की फिरौती के लिए प्रोफेसर का अपहरण

Updated on 08-10-2026
रायगढ़, इवनिंग वॉक से घर लौट रहे डिग्री कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर केसी गुप्ता (50) को सोमवार की शाम चार नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर अगवा कर लिया।

बदमाश उन्हें खेत के रास्ते बाइक से करीब 20 किमी दूर भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी ले गए। वहां आंखों पर पट्टी बांधकर एक कमरे में बंधक बनाया और 20 लाख रुपए की मांग की। प्रोफेसर ने रकम नहीं होने की बात कही तो बदमाशों ने मोबाइल का लॉक खुलवाकर बैंकिंग एप से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर करा लिए। मामला पुसौर थाना क्षेत्र के जकेला गांव का है।

वारदात के दौरान बदमाशों ने प्रोफेसर से परिजनों को फोन करवाकर पहले पुसौर और फिर दोस्तों के साथ सरायपाली जाने की बात कहलवाई। चाकू की नोक पर डर के कारण प्रोफेसर वही बोलते रहे, जिससे वे सुरक्षित दिखें। लेकिन पत्नी और बेटे को हाफ पैंट-टी-शर्ट में इतनी दूर जाने पर शक हो गया।

इसके बाद बेटे ने पिता के मोबाइल में पहले से लॉगइन अपने जीमेल अकाउंट की मदद से लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन किरतमाल क्षेत्र की मिली, जबकि पिता सरायपाली जाने की बात कह रहे थे। शक गहराने पर बेटा अपने चाचा, पड़ोसियों और पिता के छात्र दयाराम साव के साथ मंगलवार को लोकेशन पर पहुंचा और बंधक पिता को छुड़ाकर पुलिस को सूचना दी। परिजनों को आते देख बदमाश मौके से भाग निकले।

लोकेशन ट्रेस करते हुए परिजनों के साथ प्रोफेसर का छात्र दयाराम साव भी मौके पर पहुंचा। वह औरदा का रहने वाला है। वहां औरदा निवासी सुनील सारथी मिला। पूछताछ में उसने बताया कि प्रोफेसर को एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया है। इसी बीच मौके पर मौजूद अन्य आरोपी भाग निकले, जबकि सुनील को पकड़ लिया गया।

पुसौर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार प्रोफेसर के खाते से जिस खाते में रुपए ट्रांसफर किए गए हैं, वह सारंगढ़ की एक महिला का है। पुलिस को आशंका है कि इस खाते को बदमाशों ने किराए पर लिया था। अब खाताधारक से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस पुसौर, सारंगढ़ और सरायपाली क्षेत्र में आरोपियों की तलाश कर रही है।

आपबीती: महिला के खाते में ट्रांसफर कराए रुपए, फिर भात-टमाटर की चटनी खिलाई, आंख में पट्टी बांधी

मैं रोज शाम वॉक पर जाता हूं। सोमवार को भी कॉलेज से आने के बाद पत्नी से वॉक कर लौटने की बात कहकर निकला था। मोबाइल पर भक्ति गीत सुनते हुए करीब एक किलोमीटर गया और लौटते समय औरदा राइस मिल के पास माइलस्टोन पर बैठ गया। अंधेरा हो चुका था।

तभी एक युवक मेरे पास से खेत की तरफ गया। मुझे लगा कोई ग्रामीण होगा। कुछ देर बाद पीछे से दूसरे युवक ने मेरा गला दबाया और धक्का देते हुए खेत में ले गया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर रुपए मांगे और पत्नी को फोन कर कार की चाबी मंगवाने को कहा। मेरे मना करने पर आंखों पर पट्टी बांध दी और सड़क तक ले जाकर बाइक पर बैठा लिया। एक युवक बाइक चला रहा था और दूसरा मेरी गर्दन दबाकर बैठा था। चिल्लाने या कूदने की कोशिश करने पर सिर पर मारता और गला दबाता था। काफी देर बाद वे मुझे सुनसान जगह एक कमरे में ले गए।

वहां मोबाइल का लॉक खुलवाकर क्यूआर कोड और अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर कराने लगे। पासवर्ड डालने के लिए बार-बार आंखों की पट्टी खोलते थे। बैंक से फोन आया तो बदमाशों ने गलत नंबर बताकर कॉल कटवा दी। बदमाशों ने घरवालों को फोन कर दोस्तों के साथ सरायपाली जाने की बात कहने को कहा। पत्नी और बेटे ने हाफ पैंट व टी-शर्ट में इतनी दूर जाने और साथ मौजूद लोगों को लेकर सवाल किए। चाकू के डर से मैं वही बोलता रहा, लेकिन बेटे को शक हो गया। उसने कहा- ‘पापा, आपकी लोकेशन तो किरतमाल दिखा रही है।’

इसके बाद बदमाश मुझे खेत व पत्थरों वाले रास्ते से दूसरी जगह ले गए और काले कंबल से ढंककर रख दिया। खाना मांगने पर भात और टमाटर की चटनी दी। खाना खाने के बाद फिर आंखों पर पट्टी बांध दी। सुबह बेटा, परिजन और पड़ोसी लोकेशन ट्रैक करते हुए वहां पहुंचे और मुझे बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ( जैसा कि पीड़ित असि. प्रोफेसर गुप्ता ने भास्कर को बताया)

33 अपहरण केस में यह मामला अलग

पिछले दो महीने में जिले में 33 अपहरण के केस दर्ज हुए हैं। इनमें 16 पुरुष और 17 महिलाएं हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश मामले गुमशुदगी से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार इस साल पहली बार ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें किसी व्यक्ति को बलपूर्वक उठाकर बंधक बनाया गया, फिरौती मांगी गई और बैंकिंग एप से रकम ट्रांसफर कराई गई।

गुमशुदगी के मामलों में भी परिस्थितियों के आधार पर अपहरण की धाराओं में जांच का प्रावधान है, ताकि शुरुआती स्तर पर ही तकनीकी जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा सके।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें