पुलिस कंपनी: राम गोपाल वर्मा फिर दिखाएंगे मुंबई अंडरवर्ल्ड की कहानी, हर्षवर्धन राणे निभाएंगे दया नायक का किरदार

Updated on 11-08-2026
अंडरवर्ल्ड और डी-कंपनी फिल्मों के लिए मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं ,उन्होंने क्राइम फिल्मों की तरफ फिर रुख कर लिया है। राम गोपाल वर्मा ने अपनी आने वाली फिल्म 'पुलिस कंपनी' का सोशल मीडिया पर ऐलान किया । दिलचस्प बात ये है कि इस फिल्म में पुलिस अधिकारी 'दया नायक' पर आधारित इस किरदार की भूमिका 'हसीन दिलरुबा' से मशहूर हुए हर्षवर्धन राणे निभाएंगे। इससे पहले राम गोपाल वर्मा हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'पुलिस स्टेशन में भूत' पर काम कर रहे थे। मगर अब उन्होंने ऐलान कर दिया है कि वो फिर मुंबई अंडरवर्ल्ड की गलियों में कदम रखने को तैयार हैं। 'पुलिस कंपनी' 'डी कंपनी' से भी ज्यादा खतरनाक बताई जा रही है। 'डी कंपनी' एक अपराधी संगठन है जिसे दाऊद इब्राहिम ने शुरू किया था।

राम गोपाल ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने फिल्म का नाम और कॉनसेप्ट पर बात करते हुए लिखा,'पुलिस एक संस्था है और अंडरवर्ल्ड कंपनी पैसा कमाने वाला संगठन। लेकिन जब किसी संस्था को अतिरिक्त शक्तियां दी जाती हैं, तो वह जल्द ही एक कंपनी बन जाती है।'

किस पर आधारित है 'पुलिस कंपनी'?

फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए फिल्ममेकर ने लिखा, 'दाऊद इब्राहिम द्वारा अपने ज्यादातर प्रतिद्वंद्वी गिरोहों को बेरहमी से खत्म करने के बाद, उसने अपने गिरोह को एक कंपनी में बदल दिया और फिर दुबई चला गया। उसने 'डी कंपनी' के कामकाज को संभालने की जिम्मेदारी अपने सहयोगी छोटे राजन को सौंप दी।' उन्होंने याद करते हुए कहा, इसके बाद घटनाओं के एक सिलसिले के कारण दाऊद और राजन के बीच दरार आ गई, जिससे मुंबई अंडरवर्ल्ड में एक खालीपन पैदा हो गया। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए कई अन्य गिरोह शीर्ष स्थान पर अपना दावा करने के लिए मैदान में कूद पड़े, जिससे आपराधिक गतिविधियों में भारी उछाल आया। सिस्टम गिरोह की गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह नाकाम हो रहा था, जिससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार आदि जगहों से कई युवा अंडरवर्ल्ड कंपनियों में शामिल होने के लिए आकर्षित हो रहे थे।'

हर्षवर्धन राणे दया नायक से प्रेरित किरदार निभाएंगे

राम गोपाल आगे कहते हैं, 'घबराहट भरी स्थिति में, एक विशेष दस्ता बनाया गया, जिसने 1997 और 2004 के बीच 300 से ज़्यादा गैंगस्टरों को मार गिराया। 'पुलिस कंपनी' उसी दस्ते से प्रेरित कहानी है और यह उसकी टीम के एक सदस्य, दया नायक पर आधारित होगी, जिनका किरदार हर्षवर्धन राणे निभाएंगे'

हर्षवर्धन राणे का लुक किया शेयर

यह बताते हुए कि 'पुलिस कंपनी' में कई कलाकार होंगे, राम गोपाल वर्मा ने इस प्रोजेक्ट के बारे में और जानकारी जल्द ही देने की बात कही। उन्होंने अलग-अलग पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म से हर्षवर्धन राणे का लुक भी दिखाया।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें