PM मोदी और CM विजय को मिला अनिरुद्ध-काव्‍या मारन के प्रीतिभोज का निमंत्रण, 11 नवंबर को शादी, 21 नवंबर को जश्‍न

Updated on 18-10-2026
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर और रजनीकांत के भतीजे अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन अपनी शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों नवंबर में शादी करने जा रहे हैं। इस बीच काव्या के पिता और सन टीवी ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात कर उन्हें वेडिंग रिसेप्शन का न्योता दिया है। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों की शादी की खबरों ने और जोर पकड़ लिया है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की ओर से भी काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन को लेकर जानकारी शेयर की गई है। बताया गया है कि रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित होगा। हालांकि, दोनों की शादी की तारीख और वेन्यू को लेकर अभी तक अनिरुद्ध या काव्या की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों 11 नवंबर को ग्रीस में शादी कर सकते हैं।

PM मोदी को दिया वेडिंग रिसेप्शन का निमंत्रण

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी की खबरों के बीच सन टीवी ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सन टीवी के तमिल न्यूज नेटवर्क 'सन न्यूज' ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कीं। पोस्ट के मुताबिक, कलानिधि मारन ने PM मोदी को अपनी बेटी काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन का निमंत्रण दिया। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य भी मौजूद थे। हालांकि, शेयर की गई तस्वीरों में अनिरुद्ध रविचंदर नजर नहीं आए।

CM विजय को भी दिया रिसेप्शन का न्योता

कलानिधि मारन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से भी मुलाकात की और उन्हें काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन के लिए आमंत्रित किया। 'सन न्यूज' ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी X पर शेयर कीं। खास बात यह रही कि इस मुलाकात के दौरान काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर भी मौजूद थे। दोनों की मौजूदगी के बाद शादी और रिसेप्शन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

तेलंगाना के CM ने शादी के रिसेप्शन की तारीख बताई

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आधिकारिक X हैंडल से भी इस बारे में जानकारी शेयर की गई। पोस्ट के मुताबिक, सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित मुख्यमंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात की और अपनी बेटी काव्या मारन के वेडिंग रिसेप्शन का निमंत्रण दिया। पोस्ट में बताया गया कि काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर का वेडिंग रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। इस जानकारी के सामने आने के बाद दोनों की शादी को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा मिल गई है।

11 नवंबर को ग्रीस में शादी करने की चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन 11 नवंबर को ग्रीस में शादी कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक दोनों में से किसी ने भी शादी की तारीख या इससे जुड़ी योजनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल, रिसेप्शन का निमंत्रण सामने आने के बाद फैंस दोनों की शादी से जुड़ी बाकी जानकारियों का इंतजार कर रहे हैं।

2025 में शुरू हुई थीं शादी की अफवाहें

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी की खबरें पहली बार 2025 में सामने आई थीं। उस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर एक पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों एक साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और शादी करने के बारे में सोच रहे हैं। हालांकि, जून 2025 में अनिरुद्ध ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में लिखा था, 'शादी? हाहा, शांत हो जाइए दोस्तों। कृपया अफवाहें फैलाना बंद करें।' इसके बाद जून 2026 में अनिरुद्ध के चाचा और अभिनेता वाई. जी. महेंद्र के एक बयान ने इन चर्चाओं को फिर से हवा दे दी। उन्होंने 'KPTV' से बातचीत के दौरान अनिरुद्ध की शादी को लेकर कहा था, 'वह लड़का बहुत ही सौम्य इंसान है। मुझे उम्मीद है कि उसे कोई चीज रोक रही है, न कि कोई इंसान। मैं इस मौके पर उसे बधाई देना चाहता हूं। वह एक बहुत बड़ी शादी करने जा रहा है। मुझे जो बताया गया है, उसके हिसाब से यह पक्का है। वे शादी कर रहे हैं।'

कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर?

अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हैं। उनके पिता रवि राघवेंद्र और रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत सगे भाई-बहन हैं। उन्होंने कम उम्र में ही अपनी पहचान बना ली थी और कई बड़ी फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया है। 'लियो', 'इंडियन 2', 'वेट्टैयन', 'विडामुयार्ची' और 'कुली' जैसी फिल्मों के अलावा उन्होंने हाल ही में रिलीज हुई रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' में भी म्यूजिक दिया है। फिल्म के साउंडट्रैक में उनके कंपोज किए गए गाने और बैकग्राउंड म्यूजिक शामिल हैं। अनिरुद्ध के म्यूजिक और गानों की युवाओं के बीच काफी लोकप्रियता है।

कौन हैं काव्या मारन?

काव्या मारन सन टीवी ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं। वह सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम करती हैं। इसके अलावा, वह क्रिकेट की दुनिया में भी काफी लोकप्रिय हैं। काव्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन हैं और अक्सर मैचों के दौरान स्टेडियम में अपनी टीम को सपोर्ट करती नजर आती हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें