इंदौर। इंदौर शहर में पिछले कुछ समय से सड़क धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, अब ताजा मामला परदेशीपुरा इलाके की गली नंबर तीन में सामने आया। यहां पर चैंबर के करीब सड़क नीचे धंसक गई। हादसे की वजह कांक्रीट का टूटना बताया जा रहा है। इसके नीचे जमीन का बड़ा हिस्सा खोलला मिला था। सूचना मिलने के बाद नगर निगम के कर्मचारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचे। तब सड़क का स्लैब हवा में ही लटका हुआ था।
नगर निगम के अधिकारियों की माने तो पुराना चैंबर था और इसकी वजह से सड़क का हिस्सा धंस गया। इलाके में ड्रेनेन लाइन तो पुरानी डली हुई है, लेकिन चैंबर का ढक्कन ही सिर्फ नया नजर आया। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि ड्रेनेज चैंबर के पास जगह खोखली कैसे हो गई। इसको लेकर एक वजह खराब भरा और दूसरा लीकेज माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक अभी जहां सड़क धंसी, वहां पर एक साल में यह दूसरी घटना है। पहले भी यहां चैंबर को ठीक करवाकर आसपास मिट्टी से भराव करवाया गया था। अब एक बार फिर उसी जगह पर सड़क के घंसने का मामला सामने आया है। इससे पहले हुए काम पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
इसके पहले शहर में पंढरीनाथ, नासिया रोड, गाड़ी अड्डा, गोराकुंड और मेघदूत गार्डन के करीब सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार सामने आती इन घटनाओं की वजह से सड़क के भराव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अचानक सड़क धंसने से बड़ा हादसा भी हो सकता था।