भोपाल के शाहजहानाबाद में देर रात हवाई फायरिंग से मची अफरा-तफरी, कैमरे में कैद पूरी घटना, पुलिस के हाथ अब तक खाली

Updated on 07-06-2026

भोपाल। शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र की अशोका कालोनी में शुक्रवार देर रात दो स्कूटी सवार बदमाशों ने सरेराह हवाई फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों की स्कूटी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, लेकिन स्थानीय लोग उन्हें पकड़ पाते उससे पहले ही दोनों मौके से फरार हो गए। पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे स्कूटी सवार दो युवक अशोका कॉलोनी की एक गली में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हवा में कई राउंड फायर किए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बदमाश किसी व्यक्ति को डराने या क्षेत्र में अपना वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से आए थे।

भागने के दौरान फिसली स्कूटी

फायरिंग के तुरंत बाद भागने के दौरान उनकी स्कूटी फिसल गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद उन्होंने स्कूटी उठाई और तेजी से वहां से निकल गए। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।

घटना की सूचना मिलने पर शाहजहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। एसीपी अनिल वाजपेयी ने बताया कि अब तक पुलिस खाली हाथ है, उनकी तलाश जारी है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें