बीते जमाने की फेमस एक्ट्रेस वैजयंती माला ने गुरुवार को अपना 93वां जन्मदिन मनाया है। इस खास मौके पर बॉलीवुड एक्टर जैकी श्रॉफ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए एक प्यारा सा वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में जैकी श्रॉफ की विनम्रता को देख सभी उनके कायल हो रहे हैं।जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो पोस्ट की। इसमें वे वैजयंती माला के सामने पहले दंडवत होते दिखते हैं और फिर पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। इस झलक को देखकर साफ है कि एक्टर वैजयंती माला का किस कदर सम्मान करते हैं। वीडियो पोस्ट कर एक्टर ने लिखा, 'जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं वैजयंती माला, आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगी।'करियर की शुरुआत मात्र 13 वर्ष की उम्र
वैजयंती माला की बात करें, तो उन्हें भारतीय सिनेमा में 'ट्विंकल टोज' के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मात्र 13 वर्ष की उम्र में 1949 की तमिल फिल्म 'वाझकई' से की थी।
हिंदी सिनेमा में वर्ष 1951 की फिल्म 'बहार' से एंट्री मारी
इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में वर्ष 1951 की फिल्म 'बहार' से एंट्री मारी, जो उनकी ही तमिल फिल्म की रीमेक थी। इसके बाद एक्ट्रेस ने साल 1954 में रिलीज की गई फिल्म नागिन में काम किया था, जिसकी सफलता ने उन्हें हिंदी सिनेमा में एक फेमस और लोकप्रिय स्टार बना दिया।
राजकपूर के साथ फिल्म 'संगम' में काम किया
फिल्म 'देवदास' में चंद्रमुखी के यादगार किरदार के लिए उन्हें बेस्ट को-स्टार का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था, जिसे उन्होंने यह कहकर अस्वीकार कर दिया था कि उनका किरदार लीड रोल के बराबर ही अहम था। राजकपूर के साथ फिल्म 'संगम' में काम किया, जो बाद में ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने राधा के रूप में उनके आधुनिक और साहसिक अंदाज ने उनके करियर को चरम पर पहुंचाया, जिसके लिए उन्हें तीसरा फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था।
करियर के पीक पर उन्होंने डॉक्टर चमनलाल बाली से शादी की
फिल्मों के अलावा वह एक उम्दा शास्त्रीय डांसर थीं, जिन्होंने भारतीय डांस शैली को मेन स्ट्रीम सिनेमा में एक नई पहचान दी। करियर के पीक पर उन्होंने डॉक्टर चमनलाल बाली से शादी की और फिल्मों से दूरी बना ली। बाद में वह राजनीति में आईं और लोकसभा व राज्यसभा (कांग्रेस और बाद में भाजपा) की सांसद रहीं।
पद्म श्री और पद्म विभूषण से सम्मानित
कला के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें 1968 में पद्म श्री और वर्ष 2024 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।