हरदा-मंदसौर में बारिश से रावण के पुतले भीगे:धार में टूटा पैर; कई शहरों में हुआ दहन; ग्वालियर में तोप चले, मंडला में हर्ष फायरिंग

Updated on 20-10-2026

मध्य प्रदेश में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रावण दहन किया जा रहा है। नर्मदापुरम, सीहोर और शाजापुर में रावण दहन किया गया।

इंदौर में प्रदेश के सबसे ऊंचे 121 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। वहीं, भोपाल में 105 फीट और उज्जैन में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।

हरदा के बैरागढ़ और मंदसौर के सीतामऊ में तेज बारिश के कारण रावण के पुतले भीग गए। वहीं, धार जिले के डेहरी में 25 फीट ऊंचे रावण के पुतले को खड़ा करते समय उसके दोनों पैर टूट गए, जिससे पुतला नीचे गिर गया।

पोलैंड से भोपाल आईं विदेशी पर्यटक आशा कॉस्टका ने पहली बार रावण दहन देखा। उन्होंने बताया कि नवरात्र और दशहरे के बारे में सुना था, लेकिन रावण दहन देखकर वह हैरान रह गईं। वहीं, लंदन से आईं एवेरिल केर्ची भी भोपाल में रावण दहन देखने पहुंचीं।

इधर, उज्जैन, मंदसौर, मंडला और ग्वालियर समेत प्रदेशभर में पुलिस लाइनों और धार्मिक स्थलों पर शस्त्रों और वाहनों का पूजन किया गया। ग्वालियर में 400 साल पुरानी तोप चलाई गई, जबकि मंडला में हर्ष फायरिंग के साथ उत्सव की शुरुआत हुई।

भोपाल के कोलार स्थित बंजारी दशहरा मैदान में कुछ ही देर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचने वाले हैं। उनके आने से पहले ही रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में जुट गए हैं। जानकारी के मुताबिक, सीएम 8.30 तक दशहरा मैदान पहुंचेंगे।

आलीराजपुर के फतेह क्लब ग्राउंड में 35 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल और एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने कालिका माता की पूजा-अर्चना के बाद रावण दहन किया। इस दौरान भव्य आतिशबाजी देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़े और पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

आगर मालवा में ईदगाह स्थित दशहरा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण और 25-25 फीट ऊंचे मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। वहीं, तनोड़िया में करीब 600 साल पुरानी परंपरा के अनुसार रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के मिट्टी के पुतलों का पत्थरों से वध किया गया।

भोपाल के टीटी नगर में रावण का पुतला जलाया गया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई। रावण दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

धार के डेहरी में करीब 25 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया था। दहन स्थल पर खड़ा करते समय पुतले के दोनों पैर टूट गए, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद शाम 7 बजे जमीन पर पड़े पुतले का ही दहन किया गया। पुतला ग्राम पंचायत डेहरी की ओर से बनवाया गया था।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें