नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमत में आज शुरुआती कारोबार में गिरावट आई है। इस महीने एमसीएक्स पर सोने की कीमत में करीब 15,000 रुपये की गिरावट आई है जबकि चांदी 45,000 रुपये सस्ती हुई है। सोना जनवरी में 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पीक लेवल पर पहुंच गया था। लेकिन उसके बाद इसमें काफी गिरावट आई है। अमेरिकी फेड रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने की संभावना से हाल में सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई है।एमसीएक्स पर 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,44,162 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और आज यह 1,44,180 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 708 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,454 रुपये तक लुढ़क गया। सुबह 10 बजे यह 651 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,511 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।चांदी की कीमत
इस बीच चांदी की कीमत में भी शुरुआती कारोबार में गिरावट आई है। 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,21,404 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। आज यह 2,21,780 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 1,987 रुपये की गिरावट के साथ 2,19,793 रुपये तक लुढ़की। सुबह 10.15 बजे यह 829 रुपये की गिरावट के साथ 2,20,575 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
सर्राफा कीमत
सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट आई है जबकि चांदी फ्लैट ट्रेड कर रही है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 930 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,020 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। 22 कैरेट वाला सोना भी 850 रुपये नीचे 1,31,100 रुपये पर आ गया। 18 कैरेट वाला सोना 690 रुपये की गिरावट के साथ 1,07,270 रुपये पर है। चांदी 2,40,000 रुपये प्रति किलो पर फ्लैट ट्रेड कर रही है।