महिला टी20 विश्व कप का धमाकेदार आगाज, डेनियल व्याट हॉज का शतक, रिकॉर्ड स्कोर बनाकर जीती इंग्लैंड टीम

Updated on 13-06-2026
नई दिल्ली: महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही मुकाबले में रिकॉर्ड्स की बरसात देखने को मिली है। इस मैच में मेजबान इंग्लैंड का सामना श्रीलंका से हुआ। पहले खेलते हुए इंग्लैंड की टीम ने एक विकेट पर 219 रन बना दिए। यह महिला टी20 विश्व कप में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। श्रीलंका की पारी सिर्फ 132 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड को 87 रनों के बड़े अंतर से जीत मिली।

डेनियल व्याट हॉज ने 105 रन ठोके

इंग्लैंड को एमी जोन्स और डेनियल व्याट हॉज ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर सिर्फ 13.4 ओवर में 135 रन जोड़े। जोन्स ने 38 गेंदों में 53 रनों की दमदार पारी खेली, हालांकि जोन्स के आउट होने का ज्यादा फर्क व्याट पर नहीं पड़ा। उन्होंने दूसरे छोर से अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। व्याट 62 गेंदों में 105 रन बनाकर नाबाद रहीं। 169 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया। वह महिला टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाली इंग्लैंड की दूसरी और ओवरऑल 7वीं बल्लेबाज बन गई हैं।
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने भी अंत के ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का निकला। इससे पहले, महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के नाम था। टीम ने साल 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 5 विकेट खोकर 213 रन बनाए थे।

फ्रेया केम्प ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए

220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 132 रन बनाकर सिमट गई। टीम की तरफ से नीलाक्षी डी सिल्वा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि हर्षिता समरविक्रमा ने 29 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में फ्रेया केम्प ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वह टी20 विश्व कप के डेब्यू मुकाबले में 4 विकेट लेने वाली महज तीसरी गेंदबाज बनीं। वहीं, सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन ने दो-दो अपने नाम किए। लॉरेन बेल और लिन्से स्मिथ ने एक-एक विकेट चटकाया।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें