राष्ट्रपति से मिलने का समय नहीं मिला तो मार्च निकालेगी कांग्रेस, जीतू पटवारी ने दी चेतावनी, बोले- जवाबदेही से बच रही BJP

Updated on 12-06-2026

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने का अभियान चला रही है। भाजपा देश की संवैधानिक संस्थाओं को नख-दंत विहीन करने में लगी है। राज्यसभा चुनाव में जो खेल हुआ, उसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। इसके लिए उनसे समय मांगा गया है।

वहीं, शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया के माध्यम से देशभर के सामने सीट चोरी का षडयंत्र लाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि विधायकों को राष्ट्रपति से भेंट का समय नहीं मिला तो मार्च निकाला जाएगा और फिर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

सरकार जवाबदेही से बच रही है- जीतू पटवारी

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक जैसे मामलों और किसानों की समस्याओं पर सरकार जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि किसान खाद और उर्वरक जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान हैं। देश की अर्थव्यवस्था चुनौतियों का सामना कर रही है और विदेश नीति से लेकर आम जनता के जीवन से जुड़े कई मुद्दों पर असंतोष का माहौल है। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें