इस प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। कार्यक्रम के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है रायपुर में आज उनका अंतिम संस्कार होगा।
भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे सिन्हा
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे। सामाजिक और योग गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। बिलासपुर के तिफरा में सोमवार (25 मई) को भाजपा जिला संगठन की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ था।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंगलवार को दूसरा दिन था। इस दौरान रूपनारायण सिन्हा की तबीयत बिगड़ी।
भाजपा नेताओं ने जताया दुख
भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने रूपनारायण सिन्हा के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर लंबे समय तक जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।
वहीं, रायपुर स्थित कबीर नगर उनके निवास में कई नेता अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा भी पहुंचे थे।