18 छक्के, 11 चौके, वैभव के बाद पटना से निकला एक और धाकड़ बल्लेबाज, 86 गेंदों में जड़ दिए 184 रन

Updated on 18-10-2026
पुडुचेरी: बीसीसीआई के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट वीनू मांकड़ ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले में बिहार के युवा खिलाड़ी अनमोल कुमार ने अपने बल्ले से तबाही मचा दी। पटना के रहने वाले इस धाकड़ बल्लेबाज ने 184 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी के बाद पटना के खिलाड़ी चर्चा में आ गए हैं, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी पहले ही कमाल कर रहे हैं। वैभव भारतीय सीनियर टीम और आईपीएल में अपना जलाव बिखेर चुके हैं। उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखने पर हर मैच के बाद कप्तान और कोच के जवाब देना पड़ रहा है।

वैभव सूर्यवंशी के बाद अब अनमोल कुमार ने अपनी इस अविश्वसनीय पारी से चयनकर्ताओं और क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अगर वह अपनी लय बरकरार रखते हैं तो आईपीएल और आने वाले समय में भारतीय टी20 टीम में भी उनको जगह मिल सकती है।

मैदान पर आया अनमोल का तूफान

पुडुचेरी के सीएपी ग्राउंड-3 पर हरियाणा अंडर-19 और बिहार अंडर-19 के बीच खेले गए इस बेहद रोमांचक मुकाबले में अनमोल कुमार ने विरोधी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ पूरी तरह बिगाड़ दी। अनमोल ने महज 86 गेंदों का सामना करते हुए 184 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 213 से भी ऊपर का रहा, जिसने मॉडर्न क्रिकेट के सबसे आक्रामक कप्तानों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।

18 छक्के और 11 चौकों से रचा इतिहास

अनमोल कुमार की इस ऐतिहासिक पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने मैदान के चारों कोनों में बड़े शॉट्स लगाए। अपनी 184 रनों की इस पारी में उन्होंने 18 गगनचुंबी छक्के और 11 करारे चौके जड़े। यानी अपनी पारी के 140 रन तो उन्होंने महज 29 गेंदों में बाउंड्री के जरिए ही बटोर लिए। हरियाणा जैसी मजबूत टीम के सामने यह प्रदर्शन सामान्य नहीं है, क्योंकि हरियाणा की गेंदबाजी काफी मजबूत है।

बिहार ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

अनमोल कुमार के इस विस्फाटक शतक की बदौलत बिहार अंडर-19 की टीम ने 46.1 ओवरों में 325 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने भी अच्छी टक्कर दी, लेकिन इतने बड़े स्कोर का पीछा करना आसान नहीं था। हरियाणा की पूरी टीम 42.2 ओवरों में 288 रनों पर ही सिमट गई। खराब मौसम और समय की बाधा के कारण मैच का फैसला वी.जे.डी. पद्धति के आधार पर किया गया, जिसके तहत बिहार ने हरियाणा को 19 रनों से मात देकर ऐतिहासिक जीत अपने नाम की। इस शानदार प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट के गलियारों तक अनमोल कुमार की तुलना राज्य के दूसरे सफल युवा बल्लेबाजों से की जा रही है। फैंस उन्हें 'बिहार का नया सिक्सर किंग' बता रहे हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें